जांजगीर-चांपा- जिले में पुलिस ने एक खतरनाक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ट्रांसफार्मर, कॉपर और एल्युमिनियम केबल की चोरी में लिप्त था। पुलिस ने 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी की गई भारी मात्रा में सामग्री और दो वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 30 हजार रुपये है।
गिरोह ने चोरी के माल को छिपाने और परिवहन के लिए एक बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस के रूप में तैयार किया था, जिसमें सायरन और अन्य चिह्न लगाकर पुलिस तथा आम लोगों को धोखा देते थे। इससे वे बिना संदेह के सामग्री को एक जगह से दूसरी जगह ले जाते थे।
बरामद सामग्री में मुख्य रूप से शामिल हैं:
ट्रांसफार्मर के हिस्से
कॉपर और एल्युमिनियम वायर
लोहे के एंगल
4 मोबाइल फोन
छोटा हाथी वाहन (CG-10 AS-5452)
बोलेरो एम्बुलेंस (CG-10 AT-5255)
कटर मशीन, ब्लेड, पाना-पेचकस आदि उपकरण
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं:
अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (26) – मुख्य आरोपी
संतोष भास्कर (38)
वीरेंद्र सुमन (39)
राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी (20)
अमन रात्रे (20)
राज आर्यन उर्फ रोहित वानी (21)
सभी आरोपी बिलासपुर जिले के थाना मस्तूरी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर गहन जांच की। जांच में पता चला कि जनवरी 2026 में रोड दुरपा के पास एक ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलो कॉपर और लोहर्सी क्षेत्र से 200 किलो कॉपर वायर चोरी की गई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले ट्रांसफार्मर की रेकी करते, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाते और रात में पिक-अप या एम्बुलेंस वाले बोलेरो से चोरी को अंजाम देते थे। चोरी का माल मुख्य आरोपी अमर बाबू के कबाड़ में बेचा जाता था।
गिरोह ने मुलमुला, अकलतरा, बलौदाबाजार और बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों में 10 से ज्यादा वारदातों की बात कबूल की है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इस बार उनके खिलाफ संगठित अपराध की धारा 111 BNS भी लगाई गई है।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस फरार अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।



