रायपुर। राजधानी में असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के तहत खमतराई पुलिस ने धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार उत्तर जोन पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर (IPS) के निर्देश पर अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि रावांभाठा स्थित शेरे पंजाब होटल के सामने सड़क किनारे एक व्यक्ति लोहे का धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा है।
सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णा निषाद उर्फ मोटा (26 वर्ष), पिता संतोष निषाद, निवासी गंगा नगर भनपुरी, थाना खमतराई रायपुर बताया। तलाशी में उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
कृष्णा निषाद उर्फ मोटा (26 वर्ष), पिता संतोष निषाद, निवासी गंगा नगर भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।



