बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। प्रेम संबंध में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवती ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार की है।
मृतक की पहचान कामता उर्फ भोला मधुकर के रूप में हुई है, जो रतनपुर के कर्रा गांव का निवासी था। वह बिलासपुर के शुभम विहार स्थित हॉस्टल में रहकर उस्लापुर के एक होटल में काम करता था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी रोशनी सूर्यवंशी झलमला गांव की निवासी है। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ दिन पहले दोनों में विवाद हुआ और मृतक ने प्रेमिका का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।
गुस्से में आरोपी युवती मंगलवार सुबह चाकू लेकर प्रेमी के हॉस्टल पहुंची। कमरे में फिर से विवाद होने पर उसने सीने पर वार कर दिया, जिससे कामता की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद युवती ने कमरे की सफाई की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।



