दुर्ग : जिले में अवैध सूदखोरी के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए जिला पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे सूदखोर को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 1 लाख 60 हजार रुपये उधार देकर पीड़ित से मूलधन और ब्याज के नाम पर 22 लाख रुपये की अवैध वसूली की मांग की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरीश पारख के रूप में हुई है। पीड़ित ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि बीमारी और घरेलू जरूरतों के चलते उसने आरोपी से 1,60,000 रुपये उधार लिए थे। आरोपी ने इस रकम पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया था और समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में राशि दोगुना करने की शर्त रखी थी।
पीड़ित ने किसी तरह पैसे जुटाकर आरोपी को 3,20,000 रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने ब्याज की नई गणना शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित से स्टेट बैंक के 11 खाली चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए और एक इकरारनामा भी तैयार कराया, जिसके आधार पर वह 22 लाख रुपये की मांग करने लगा।
पीड़ित के अनुसार, रकम नहीं देने पर आरोपी लगातार उसे धमकियां दे रहा था और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहा था। मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान होकर पीड़ित ने अंततः पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।



