रायपुर। राजधानी रेंज में ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम जॉब के नाम पर ठगी करने वाले 3 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र से 2 और राजस्थान से 1 आरोपी शामिल है। इन तीनों के खिलाफ देश के विभिन्न 14 थाना/साइबर सेल में प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रार्थी पारस कुमार धीवर की शिकायत पर थाना राखी में अपराध क्रमांक 224/24 धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर 24 लाख रुपये की साइबर ठगी की जानकारी दी गई थी।
विवेचना के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इससे मुख्य आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने महाराष्ट्र और राजस्थान में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
उत्पल पंचारिया (21) — मेघवाल बस्ती, पौटा सी रोड, आकाशवाणी के पीछे, जोधपुर (राजस्थान)
रोहित बबन कौलगे (31) — हरिपुर, दत्त पार्क, सांगली (महाराष्ट्र)
सुमित श्रीनिवास राठी (41) — आनंदी अपार्टमेंट, चेतना पेट्रोल पंप के पास, सांगली (महाराष्ट्र)
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वर्क-फ्रॉम-होम या निवेश से जुड़े किसी भी ऑफर से पहले उसकी सत्यता जांचें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन/स्थानीय पुलिस को दें।



