रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की महिला डीएसपी कल्पना वर्मा पर कारोबारी दीपक टंडन द्वारा लगाए गए ‘लव ट्रैप’ और करोड़ों रुपये वसूली के आरोपों ने पूरे राज्य में हलचल मचा दी है। जांच में डीएसपी और कारोबारी के बीच हुई व्हाट्सएप चैट सामने आई हैं, जिनमें पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील और खुफिया जानकारियां साझा करने का जिक्र है। विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें माओवाद प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ी सूचनाएं भी शामिल हो सकती हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
यह भी पढ़े :- धान खरीदी की तिथि 1 माह बढ़ाई जाये – भूपेश बघेल
कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से डीएसपी कल्पना वर्मा ने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। इनमें करीब 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार शामिल हैं। टंडन का दावा है कि शिकायत के बावजूद कार और ज्वेलरी अब तक वापस नहीं की गई हैं। इसके अलावा डीएसपी के भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने भी करोड़ों रुपये वसूलने के आरोप लगे हैं, जिसकी अलग से जांच की मांग की जा रही है।
वहीं डीएसपी कल्पना वर्मा ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं और सच्चाई जल्द सामने आएगी।
जांच एजेंसी ने मामले की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। कल (21 जनवरी 2026) डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन कोर्ट में पेश होंगे, जहां दोनों पक्ष अपने-अपने सबूत और दावे पेश करेंगे। अब सरकार जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएसपी के निलंबन, विभागीय कार्रवाई और आपराधिक मुकदमे पर अंतिम निर्णय लेगी।



