कवर्धा। जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पास एक बार फिर सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। झाड़ियों के बीच खून से लथपथ एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में शव पर चाकू से किए गए कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे निर्मम हत्या की पुष्टि हो रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक के गले और पेट पर चाकू के गहरे वार किए गए थे, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हुई। शव की हालत इतनी खराब थी कि वारदात को बेहद क्रूर और सुनियोजित बताया जा रहा है।
ये भी पढ़े :- ट्रक हादसे में थाना प्रभारी नंदलाल पैकरा की मौत, आवारा कुत्तों से बचते हुए संतुलन बिगड़ा
पुलिस ने तुरंत आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है और कुछ अहम सुराग हाथ लगने का दावा किया जा रहा है। कवर्धा एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि लालपुर नर्सरी के पीछे अज्ञात शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया लाश दो दिन पुरानी लग रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि वैधानिक कार्रवाई तेजी से चल रही है और जल्द ही मृतक की शिनाख्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह घटना स्थानीय लोगों में पुरानी यादें ताजा कर रही है। गौरतलब है कि 2024 में इसी लालपुर इलाके में गौ-सेवक साधराम की निर्मम हत्या ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। उस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था और मुख्य आरोपी अयाज खान के घर के एक हिस्से को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया था।
वर्तमान मामले में पुलिस का कहना है कि जांच हर एंगल से की जा रही है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में कोई जानकारी हो या संदिग्ध गतिविधि दिखी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।



