रायपुर । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां डायल 112 वाहन में तैनात चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवती को बंधक बनाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़े :- BIG BREAKING: विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के बाद चरणदास महंत का ‘विस्फोटक’ पोस्ट, लिखा- अब आर-पार की लड़ाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह गंभीर घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि डायल 112 में पदस्थ चालक अपने चार साथियों के साथ एसईसीएल के एक मकान में पहुंचा, जहां युवती को लाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पीड़िता को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले में सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस जघन्य अपराध में शामिल 5 आरोपियों में से 2 को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि 3 अन्य फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जनता की सुरक्षा के लिए तैनात डायल 112 का कर्मचारी ही इस अपराध में शामिल निकला, जिससे पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



