रायपुर। राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक स्थानीय कारोबारी द्वारा आत्महत्या का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रंजन पुरोहित के रूप में हुई है, जो शहर में एक प्रतिष्ठित एडवरटाइजिंग एजेंसी चलाते थे।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में 20 करोड़ की बसें बन गईं कबाड़, जिस पर जनता को चलना था उसे ‘कौड़ियों’ में बेचा
पुलिस के अनुसार, रंजन पुरोहित पिछले कुछ महीनों से अपने व्यापार में लगातार हो रहे नुकसान से गंभीर मानसिक तनाव में थे। हालांकि, आत्महत्या के सटीक कारणों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। परिवार के साथ न्यू राजेंद्र नगर के एक अपार्टमेंट में रहने वाले रंजन ने बुधवार शाम अपने फ्लैट के एक कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी।
परिजनों को जब कमरे का दरवाजा बंद मिला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तब उन्होंने दरवाजा तोड़कर देखा। वहां रंजन को फंदे से लटका पाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या अन्य लिखित सामग्री बरामद नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है और परिजनों, पड़ोसियों तथा एजेंसी के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में व्यापारिक नुकसान और अन्य संभावित कारणों पर भी गहराई से विचार किया जा रहा है।



