रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में एक बुजुर्ग पर भैंस के हमले का मामला सामने आया है, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना उस वक्त हुई, जब बुजुर्ग सड़क पर खड़ी भैंसों को आगे हटाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक भैंस ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वे असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह जख्मी हो गए।
यह भी पढ़े :- युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, 2 आरोपियों को गिरफ्तार, 3 फरार
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि भैंस के हमले के बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर जाते हैं और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं।
घायल बुजुर्ग की पहचान रमेश हेमनानी के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
घटना के बाद बुजुर्ग के बेटे कमल हेमनानी ने संबंधित डेयरी संचालक के खिलाफ जोन कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डेयरी संचालक रोजाना भैंसों को चराने के बाद इलाके में खुला छोड़ देता है, जिससे सड़क पर गंदगी फैलती है और अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इस समस्या को लेकर वे पहले भी जोन कार्यालय और स्थानीय पार्षद से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कमल हेमनानी ने बताया कि उनके पिता जब सड़क से भैंसों को हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि डेयरी संचालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।



