रायपुर। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने पर्यावरण प्रेमी एनजीओ ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर के अनुरोध पर महाराजबंध तालाब में चल रहे श्रमदान सफाई महाभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान जोन 5 अध्यक्ष वल्लभ अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद प्रमोद कुमार साहू, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीओओ ऋचा चंद्राकर सहित कई नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी, पूर्व पार्षद सरिता वर्मा तथा ग्रीन आर्मी के अमिताभ दुबे एवं अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।
यह भी पढ़े :- JNU Video Viral: पीएम मोदी–अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी से फिर विवाद में जेएनयू
महापौर ने ग्रीन आर्मी की टीम द्वारा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से चलाए जा रहे सफाई अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर के तालाबों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है। जनसहभागिता से ही ऐसे अभियान सफल हो सकते हैं।

महापौर ने जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमदान से तालाब से निकाले गए कचरे को तुरंत सड़क किनारे से हटवाया जाए। साथ ही जोन 4 के स्वास्थ्य अधिकारी को एसटीपी के पास विशेष सफाई अभियान चलवाने के आदेश दिए।
स्मार्ट सिटी अधिकारियों को संबोधित करते हुए महापौर ने महाराजबंध स्थित 3 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण क्षेत्र में जलभराव की समस्या हो रही है, जबकि अनुबंध के अनुसार मार्च 2024 तक निर्माण पूरा हो जाना चाहिए था। महापौर ने कार्य को तत्काल गति देने और शीघ्र पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके अलावा, एसटीपी शुरू होने तक तालाब में गंदगी न जाए, इसके लिए तालाब किनारे एसटीपी के पास तुरंत जाली लगवाने के भी निर्देश दिए गए। महापौर ने स्पष्ट किया कि तालाबों की स्वच्छता और शहर के पर्यावरण संरक्षण में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



