लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के अंदरूनी इलाके में स्थित शोभा जंगल क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों के दबाव में नक्सली अपना सामान छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए।
यह भी पढ़े ;- रेरा का सख्त रुख: स्वीकृत ले-आउट से विचलन पर “वॉलफोर्ट एलेन्सिया” परियोजना के प्रमोटर पर 10 लाख रुपये का जुर्माना
जानकारी के अनुसार, ई-30 जिला पुलिस गरियाबंद, 207 कोबरा, 65वीं एवं 211वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान धमतरी–गरियाबंद–नुआपाड़ा डिवीजन के 8 से 10 नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर सर्चिंग पर निकले जवानों पर घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जान से मारने और हथियार लूटने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की।
सुरक्षाबलों का दबाव बढ़ता देख नक्सली घने जंगल और पहाड़ी इलाके का अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग की गई, जहां से नक्सलियों की भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा कारणों से बरामद सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया गया।
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। मुठभेड़ में किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।



