बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पंधी में पुलिसकर्मियों पर दबंगई और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता बबली शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर पहुंचकर मामले की शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : आरक्षक से मारपीट और जातिगत गाली, विधायक प्रतिनिधि सलाखों के पीछे
शिकायत में बबली शर्मा ने बताया कि उनके कोठार के चारों ओर लगे घेरा तार को तारबहार थाने में तैनात ASI संजय शर्मा, राजीव शर्मा और आंचल शर्मा कथित तौर पर काट रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने जबरन तार काटना शुरू कर दिया।
पीड़िता के ससुर रमेश शर्मा ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। ASI संजय शर्मा ने पुलिस वर्दी का रौब दिखाते हुए लोहे की वस्तु और डंडे से रमेश शर्मा के साथ मारपीट की।
बचाव में आई बबली शर्मा और उनके पति हितेश शर्मा के साथ भी मारपीट की गई। बबली शर्मा के माथे पर लोहे की वस्तु से चोट लगी, जबकि राजीव शर्मा और आंचल शर्मा ने भी हाथ-मुक्के और डंडे से हमला किया।
घटना से भयभीत पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।



