कोरबा। आरक्षक से मारपीट और जातिगत गाली-गलौज के गंभीर मामले में रामपुर विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना 31 दिसंबर की रात रजगामार पुलिस चौकी परिसर में हुई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी–एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की है।
यह भी पढ़े :- मेकाहारा में मेडिकल चमत्कार: ब्रश करते वक्त फटी कैरोटिड आर्टरी, डॉक्टरों ने बचाई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक विकास कोसले करतला थाना से डाक लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे और देर रात अपने घर लौट गए थे। इसी दौरान उनके ममेरे भाई राजेंद्र जांगड़े घर पहुंचे और बताया कि विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने उनके साथ मारपीट की है।
इसके बाद आरक्षक विकास कोसले अपने भाई को लेकर रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने लगे। इसी बीच जयकिशन पटेल भी चौकी पहुंच गया। आरोप है कि वहां उसने आरक्षक विकास कोसले के साथ जातिगत गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरक्षक की शिकायत को बाद में आजाक थाना भेजा गया। आरक्षक द्वारा जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल के खिलाफ एससी–एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दीं।
इसके बाद आरोपी को तलब कर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून के खिलाफ किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



