बालोद। स्थानीय शहीद अस्पताल के बाथरूम में नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 12:30 बजे अस्पताल में बाथरूम की सफाई के दौरान सफाई कर्मी ने नवजात शिशु का शव देखा। इसकी जानकारी तत्काल शहीद अस्पताल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद प्रबंधन द्वारा पुलिस थाना को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से नवजात शिशु के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी के द्वारा कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद नगर पालिका के सहयोग से नवजात का कफन-दफन कराया। सूत्रों के अनुसार मृत नवजात की उम्र लगभग सात माह (गर्भकालीन) बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शहीद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात शिशु को किन परिस्थितियों में अस्पताल के बाथरूम में छोड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



