रायगढ़। तमनार क्षेत्र में महिला थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों से मारपीट और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का हेमु कालानी चौक में अपमानजनक जुलूस निकाला गया, जिसमें उसके मुंह पर कालिख पोती गई और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पुलिस ने प्रदर्शन किया। जुलूस के दौरान पुलिस ने पटाखे भी फोड़े।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 8 दिसंबर 2025 को आयोजित गारे–पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान की जनसुनवाई से जुड़ा है। इसके विरोध में प्रभावित 14 गांवों के ग्रामीणों ने 12 दिसंबर से सीएचपी चौक, लिब्रा में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
27 दिसंबर 2025 को जब पुलिस-प्रशासन ने मार्ग खुलवाने पहुंचा, तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए, वहीं महिला थाना प्रभारी और महिला आरक्षक के साथ मारपीट, गाली-गलौज, कपड़े फाड़ने और अभद्र व्यवहार जैसी गंभीर घटनाएं हुईं।
तमनार थाना में आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115(2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) भा.न्या.सं. एवं आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश तेज की और अब तक मुख्य आरोपी चित्रसेन साव सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- चित्रसेन साव
- मंगल राठिया (ग्राम आमगांव)
- चिनेश खमारी (ग्राम आमगांव)
- प्रेमसिंह राठिया (ग्राम आमगांव)
- कीर्ति श्रीवास (ग्राम आमगांव)
- वनमाली राठिया (ग्राम झरना)



