रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़े :- 2026 चुनाव की तैयारी: कांग्रेस ने टीएस सिंहदेव को सौंपी अहम जिम्मेदारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे ट्रैक के पास मौजूद था, तभी तेज रफ्तार से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मालगाड़ी को रोका गया, वहीं घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पंडरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में जानकारी देते हुए पंडरी थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शिनाख्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रही है। हालांकि यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर लोग ट्रैक पार करते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।



