कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के टेंगरमार गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। घर के आंगन में बने टॉयलेट की ओर जाती 8 माह की गर्भवती महिला को कोबरा सांप ने डस लिया, जिससे महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बदला 63 ट्रेनों का टाइम-टेबल, जानें नया शेड्यूल
जानकारी के अनुसार, टेंगरमार निवासी फिरतु राम मांझी काम से केराकछार गया हुआ था। दोपहर में उसकी 23 वर्षीय पत्नी राधिका मांझी टॉयलेट की ओर जा रही थी, तभी अनजाने में उसका पैर कोबरा पर पड़ गया। इससे उग्र हुए सांप ने उसके पैर में लगातार तीन बार हमला कर दिया।
चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और सांप को पास के खेत की ओर भागते देखा। उन्होंने तुरंत घायल राधिका को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गर्भस्थ शिशु के भी मृत होने की पुष्टि की।
मृतका के पति के अनुसार, फरवरी में दोनों की शादी हुई थी और जल्द ही बच्चा आने की खुशियां थीं। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कोबरा सांप घर के आसपास दिखाई दे रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्प नियंत्रण और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



