अमरावती/विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में रविवार देर रात बड़ा रेल हादसा हो गया। टाटानगर से एर्नाकुलम जा रही टाटा–एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (18189) के दो एसी कोचों में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा यलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास सोमवार तड़के करीब 1:30 बजे हुआ, जब अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे।
यह भी पढ़े :- धान खरीदी की अव्यवस्था : टोकन नहीं मिलने पर किसान ने खाया जहर, हालत नाजुक
पैंट्री कार के पास लगी आग
जानकारी के अनुसार, बी-1 और एम-2 एसी कोच में आग सबसे पहले पैंट्री कार के पास दिखाई दी। लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत स्टेशन के पास रोका और यात्रियों को बाहर निकाला गया। आग इतनी भीषण थी कि दोनों कोच पूरी तरह जलकर राख हो गए।
एक यात्री की मौत, कई घायल
हादसे में विशाखापत्तनम निवासी 70 वर्षीय यात्री चंद्रशेखर सुंदर की जलकर मौत हो गई। वहीं दो दर्जन से अधिक यात्री झुलसने और धुएं के कारण प्रभावित हुए। कई यात्रियों का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
दमकल कर्मियों ने पाया काबू
अनाकापल्ली, यलमंचिली और नक्कापल्ली से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के चलते विशाखापत्तनम–विजयवाड़ा रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे की कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है और ट्रेन को अतिरिक्त कोच जोड़कर आगे भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
गृह मंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और रेल सेवाएं शीघ्र सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।



