रायपुर। राजधानी के सुंदर नगर चौक स्थित एक नाश्ता दुकान में नशे में धुत युवक द्वारा महिला दुकानदार के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 27 दिसंबर की रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित दुकानदार कारगिल चौक के पास सुंदर नगर का निवासी है और चौक में नाश्ते की दुकान चलाता है। घटना के समय वह घर पर था, जबकि दुकान पर उसकी पत्नी तृप्ता जुनेजा बैठी थीं।
उसी दौरान एक युवक अपने कुत्ते के साथ दुकान आया। आरोप है कि उसने समोसा उठाकर कुत्ते को सूंघाया और वापस ट्रे में रख दिया। मना करने पर वह भड़क गया और महिला दुकानदार को अश्लील गालियां देते हुए पेट में लात मारकर मौके से फरार हो गया।
इसी बीच पीड़ित दुकानदार दुकान पहुंचा। कुछ देर बाद वही युवक फिर लौट आया। पहचान होने पर दुकानदार ने पूछताछ की तो आरोपी ने उसे भी गालियां देते हुए कॉलर पकड़कर मारपीट की। साथ ही धारदार वस्तु से हमला कर दुकानदार के अंगूठे में चोट पहुंचाई।
घटना के दौरान संदीप सोनी, कन्हैया महावर सहित आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोपित की पहचान अक्षय कुमार झा के रूप में की गई है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट व धमकी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है और वे नशे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



