तखतपुर। बरेला नगर पंचायत क्षेत्र में एक युवक के अपहरण के बाद उसकी हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक को गंभीर अवस्था में घर के पास फेंक दिया गया, जहां उपचार से पूर्व उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : कानून के रखवाले ने किया कानून का बलात्कार- आरोप में आरक्षक बर्खास्त
मृतक की पहचान राजकुमार धुरी (21 वर्ष) पिता बेनीराम निवासी बरेला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोपहर में चार-पांच अज्ञात बदमाशों ने राजकुमार को जबरदस्ती कार में बैठाकर अपहरण कर लिया और रास्ते भर बेरहमी से मारपीट की। शाम करीब पांच बजे आरोपी गंभीर रूप से घायल राजकुमार को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए।
परिजनों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मकान विवाद पर परिवार की आशंका
परिजनों ने बरेला निवासी एक व्यक्ति पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि वह व्यक्ति कई वर्षों से उनका मकान खरीदने का दबाव डाल रहा था और लगातार धमकी भी दे रहा था। मृतक के रिश्तेदारों को भी उसके बेटे और कुछ लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने का आरोप परिवार ने लगाया है।
बैंक से लौटते ही हुआ अपहरण
घटना के समय राजकुमार अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर स्थित पंजाब बैंक गया हुआ था। दोपहर करीब 3 बजे उसके निकलते ही कार सवार 4-5 लोगों ने उसे जबरन उठाकर ले गए।
थाने में रिपोर्ट से इनकार—परिजनों का आरोप
परिजनों ने बताया कि वह अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने जरहागांव थाने पहुंचे, लेकिन “पूरी जानकारी नहीं है” कहकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
थाने से लौटते ही घर पहुंचने पर राजकुमार दर्द से कराहता मिला और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जीरो में अपराध दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधिकारियों ने कहा है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर रही है।



