बीजापुर। भ्रष्टाचार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। CBI की टीम ने गुप्त सूचना पर ताज होटल में छापेमारी कर डाक विभाग के चार कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। यह सनसनीखेज ऑपरेशन बीती रात करीब 8:30 बजे अंजाम दिया गया, जिसमें आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये की नकद रिश्वत राशि जब्त की गई।
CBI के फंदे में फंसे मुख्य आरोपी पोस्ट ऑफिस सब-डिवीजन इंस्पेक्टर (SDI) शास्त्री कुमार पैंकरा हैं। उनके साथ मलोत शोभन, अंबेडकर सिंह और संतोष एंड्रिक भी गिरफ्त में आए। सूत्रों के मुताबिक, होटल के कमरे में रिश्वत का लेन-देन चल रहा था, तभी CBI की टीम ने अचानक धावा बोलकर सभी को पकड़ लिया। आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पकड़े जाने के बाद CBI ने उनके हाथ धुलवाकर केमिकल टेस्ट भी किया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
छापेमारी के बाद CBI टीम सभी आरोपियों को अपने साथ ले गई, जहां उनसे कड़ी पूछताछ चल रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ इन चार तक सीमित नहीं है। डाक विभाग के अन्य कर्मचारियों और संभावित बड़े नेटवर्क की भी तफ्तीश की जा रही है।
CBI की इस बिजली जैसी कार्रवाई से डाक विभाग से लेकर पूरे बीजापुर में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत हो रहे ऐसे ऑपरेशनों से अधिकारियों में खौफ का माहौल है। आने वाले दिनों में पूछताछ के आधार पर और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं, यह जांच आगे बताएगी!



