रायपुर : प्रदेश के सक्ती जिले से एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सक्ती के जनरल वार्ड में एक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। घटना के वक्त वार्ड में मौजूद मरीजों और स्टाफ ने जब युवक को जलते हुए देखा, तो अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े :- बिहार की राजनीति में हलचल: नीतीश कुमार को लेकर NDA–RJD आमने-सामने
सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल इलाज की कोशिश की गई, लेकिन उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया और घटना के पीछे क्या कारण रहे।
पुलिस अस्पताल प्रबंधन, ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



