रायपुर। राजधानी छत्तीसगढ़ में साइबर ठगों ने एक उच्च पदस्थ अधिकारी को बड़ी ऑनलाइन ठगी का शिकार बना दिया है। मंदिर हसौद स्थित HPCL में मैनेजर पद पर कार्यरत वेद प्रकाश बघेल (46) के साथ टेलीग्राम के जरिए 34,48,807 रुपए की धोखाधड़ी हुई।
जानकारी के अनुसार, ठगों ने PUPRIME नामक इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के झांसे में पीड़ित को निवेश करने के लिए प्रेरित किया। ठगी की शुरुआत 7 अक्टूबर 2025 को हुई, जब @shrinidii नामक टेलीग्राम आईडी से ‘श्री निधि’ नाम की युवती ने उनसे संपर्क किया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने पहले निवेश पर लाभ दिखाया। इसी जाल में फंसकर पीड़ित ने 20 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 34.48 लाख रुपए निवेश कर दिए।
राशि को पुणे, दिल्ली, भुवनेश्वर और कटनी जैसे विभिन्न शहरों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। जब बघेल ने अपनी मूल राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया, तो ठगों ने कहा कि उनका ‘बैंक क्रेडिट स्कोर’ खराब हो गया है और अतिरिक्त पैसा जमा करने के लिए दबाव डाला।
मंदिर हसौद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से संबंधित टेलीग्राम आईडी और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।



