तेलंगाना में चलती ट्रेन से गिरकर एक नवविवाहित दंपति की मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आने के बाद यह मामला और भी उलझता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिम्माचलम (25) आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरम मन्यम जिले के रौपल्ली गांव का रहने वाला था और हैदराबाद की एक रसायन कंपनी में कार्यरत था। उसकी शादी दो महीने पहले 19 वर्षीय भवानी से हुई थी। शादी के बाद दंपति तेलंगाना के जगदगिरिगुट्टा जिले के गांधी नगर में रह रहा था।
बताया गया कि गुरुवार रात सिम्माचलम और भवानी सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से मसूलीपटनम एक्सप्रेस में सवार होकर विजयवाड़ा में अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे थे। जब ट्रेन भुवनगिरी जिले के बंगपल्ली क्षेत्र के पास पहुंची, तभी दोनों चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रेलवे पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यदागिरिगुट्टा डिवीजन के अंतर्गत बंगाली रेलवे स्टेशन के पास दंपति ट्रेन के दरवाजे/सीढ़ियों के पास खड़ा था, इसी दौरान वे नीचे गिर गए।
घटना का पता शुक्रवार तड़के चला, जब रेलवे ट्रैक की निगरानी कर रहे कर्मचारियों ने पटरियों के पास दोनों के शव देखे। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस बीच एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दंपति ट्रेन के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों के बीच बहस होती नजर आती है। पत्नी बार-बार उठती दिखती है, जबकि पति उसे बैठाने की कोशिश करता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि पत्नी ने पहले ट्रेन से छलांग लगाई और उसे बचाने के प्रयास में पति भी कूद गया।
हालांकि, रेलवे पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है या पारिवारिक विवाद के दौरान हुई दुर्घटना, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।



