रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए ‘सर्वे’ संबंधी पोस्ट पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सर्वे कौन करा रहा है, इसकी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन इसमें डरने जैसी कोई बात नहीं है। जिसने कोई गड़बड़ी नहीं की है, उसे डरने की आवश्यकता नहीं होती। बिना तथ्यों के आधार पर आरोप लगाना ठीक नहीं है और आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में सियासी भूचाल! भूपेश बघेल के खिलाफ सर्वे पर बवाल, भिलाई में टीम पकड़ी गई
दरअसल, भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया था कि एक सर्वे एजेंसी की 70 टीमें छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से यह पूछ रही हैं कि क्या भूपेश बघेल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे विधि सम्मत कार्रवाई के बजाय दबाव की राजनीति बताया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे जो हथकंडे अपनाए जाएं, छत्तीसगढ़ की जनता उनके और कांग्रेस के साथ खड़ी है।

नगरीय निकाय बैठक पर बोले डिप्टी CM – केंद्र की योजनाओं में छत्तीसगढ़ ने पकड़ी रफ्तार
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हाल ही में आयोजित नगरीय प्रशासन विभागों की क्षेत्रीय बैठक को लेकर कहा कि उत्तर और मध्य भारत के 5 राज्यों के नगरीय विभागों की बैठक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पीएम आवास योजना, स्वच्छता अभियान और शहरी मोबिलिटी से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं में छत्तीसगढ़ ने तेजी से प्रगति की है। पीएम आवास योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में तीसरे स्थान पर है। बीते दो वर्षों में कई योजनाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और क्षेत्रीय बैठकों से योजनाओं को और मजबूती मिलेगी।
छत्तीसगढ़ में मेट्रो परियोजना पर क्या बोले अरुण साव
छत्तीसगढ़ में मेट्रो परियोजना को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिलहाल प्रारंभिक चरण में है। उन्होंने बताया कि चीन और अमेरिका के बाद भारत मेट्रो नेटवर्क के विस्तार में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में भी मेट्रो का काम तेज गति से आगे बढ़ेगा।
दलहन-तिलहन खरीदी को बताया ऐतिहासिक कदम
दलहन और तिलहन फसलों की खरीदी की अनुमति मिलने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में दलहन-तिलहन की खेती में कमी आई थी, लेकिन अब इस फैसले से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा और फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।



