दुर्ग। दुर्ग जिले में ड्यूटी से लौट रहे एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना 15 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। पीड़ित आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- CFA कोर्स में प्रवेश का झांसा देकर छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर 9.50 लाख की वसूली
जानकारी के अनुसार, यह मामला सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र का है। पीड़ित आरक्षक मोहम्मद कैफ (23), निवासी हरिनगर कातुल बोर्ड, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह 15 दिसंबर की रात करीब 9.30 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान प्रथम बटालियन भिलाई गेट के सामने स्थित देशी–अंग्रेजी शराब भट्टी के पास उसे बाथरूम जाने के लिए रुकना पड़ा। इस बात का शराब भट्टी के अहाता संचालक करण सिंह और उसके साथियों ने विरोध किया।
पीड़ित के अनुसार, विरोध के दौरान आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने स्टील के पाइप और लकड़ी की बल्लियों से उसकी पिटाई की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा आरोपियों ने उसकी जेब में रखे ढाई हजार रुपये भी निकाल लिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।



