रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात चल रही एक रेव पार्टी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब आसपास के ग्रामीणों ने तेज शोर-शराबे से परेशान होकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को देखते हुए पार्टी में शामिल सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़े :- नए साल से पहले रायपुर में कोकीन की खेप पकड़ी गई, लाखों का नशा बरामद
जानकारी के अनुसार, 18 दिसंबर की देर रात विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा स्थित जेडी फार्म हाउस में पार्टी आयोजित की गई थी। फार्म हाउस में तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था और युवक-युवतियां हुल्लड़बाजी कर रहे थे, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हो रही थी।
शिकायत मिलने पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और विधानसभा थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि पार्टी में शामिल युवक-युवतियां शांति भंग कर रहे थे। पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद हंगामा जारी रहा, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
इसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 15 युवक और 7 युवतियों सहित कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही फार्म हाउस के संचालक अमन दुलानी पिता निर्मल दुलानी (उम्र 29 वर्ष), निवासी डॉल्फिन प्लाजा, दलदल सिवनी को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में
देवेंद्र साहू, गौरव जोशी, वैभव पाठक, मनीष वर्मा, निखिल वर्मा, जय प्रकाश महेश्वरी, दीपक धीवर, विकास दास मानिकपुरी, रितिक मिश्रा, रुपेंद्र सिंह ठाकुर, तनजीत प्रीत सिंह, शिवम आर्या, हरिओम दुबे, देवांश ठाकुर, आलोक धर दीवान सहित 7 युवतियां शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले ने एक बार फिर राजधानी में देर रात फार्म हाउस पार्टियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



