धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर डॉक्टर के घर छापेमारी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। धमतरी पुलिस ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में दबिश देकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्हें डॉक्टर के घर में 200 करोड़ रुपये नकद होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पूरी साजिश रची गई।
यह भी पढ़े :- बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, 34 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 84 लाख का था इनाम
रत्नाबांधा निवासी डॉ. दिलीप राठौर ने 12 दिसंबर 2025 को सिटी कोतवाली थाना धमतरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2025 की सुबह करीब 11:30 बजे 6–7 लोग खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताकर बिना पहचान पत्र और वैध तलाशी वारंट के जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने करीब ढाई घंटे तक घर के सभी कमरों, दराजों, अलमारियों और लॉकर की तलाशी ली और परिवार को बाहर निकलने नहीं दिया। जब कोई नकदी नहीं मिली तो आरोपी दो कारों में बैठकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर पुलिस टीमें नागपुर (महाराष्ट्र), रायपुर, दुर्ग, बालोद और दल्लीराजहरा रवाना की गईं। लगातार कार्रवाई के बाद सभी 12 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर धमतरी लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें प्रार्थी के घर बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने फर्जी इनकम टैक्स टीम बनाकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। प्रार्थी द्वारा आरोपियों की विधिवत पहचान भी की गई।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी, स्विफ्ट डिजायर सहित अन्य वाहन, आपसी संपर्क में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, और नकदी ले जाने के लिए रखी गई जूट की बोरियां जब्त की हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दीपक मोहन वर्डे के खिलाफ नागपुर जिले के पारसिवनी थाने में पूर्व से अपराध दर्ज है। वहीं आरोपी अमन उत्तम मेश्राम पर नागपुर सिटी के नंदनवन थाने में आर्म्स एक्ट, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और हत्या (धारा 302) सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी विभाग के अधिकारी द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के दौरान पहचान पत्र और वैध वारंट की अनिवार्य जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गिरफ्तार आरोपी –
- बबलू अजबराव नाइक उके नीना मामा पिता अजबराव उके उम्र 43 वर्ष, निवासी नागपुर महाराष्ट्र
- अर्पण उत्तम मेश्राम पिता उत्तम मेश्राम उम्र 25 वर्ष निवासी वठोडा रोड थाना नंदनवन महाराष्ट्र
- अमन उत्तम मेश्राम पिता उत्तम मेश्राम उम्र 26 साल निवासी वठोडा रोड थाना नंदनवन महाराष्ट्र
- संजय जगतराव शिवरिया उर्फ बाला पिता जगतराम शिवरीया उम्र 52 वर्ष निवासी नागपुर महाराष्ट्र
- दीपक मोहन वर्ड पिता मोहन वर्ड उम्र 22 वर्ष निवासी बस स्टैंड के पीछे नयाकुंड महाराष्ट्र
- सजय रामटेके पिता राजेन्द्र रामटेके उम्र 34 वर्ष निवासी झुर्रीपारा जिला बालोद छग
- गजेन्द्र कुमार साहू उर्फ पिता राजेश कुमार साहू उम्र 31 वर्ष निवासी कुसुमकसा थाना दल्लीराजहरा जिला बालोद
- विवेक उर्फ विक्की कोर्सवाडा पिता द्रोणेन्द्र कोर्सवाडा उम्र 33 साल निवासी बोरसी कालोनी पदनाभपुर दुर्ग
- उमेश साहू पिता कोमल साहू उम्र 30 वर्ष निवासी बजरंग चौक भटगावं थाना रूद्री जिला धमतरी
- जितेन्द्र कुमार बघेल पिता नीलकंठ बघेल उम्र 32 साल निवासी भाठापारा बोधन रोड रजौली थाना रनचिरई, जिला बालोद, हाल मुकिम हाउसिंग बोर्ड एलआईजी 717 सेजबहार थाना मुजगहन जिला रायपुर
- चेतन साहू पिता झीटू राम साहू उम्र 44 साल निवासी सांगली थाना गुरूर, जिला बालोद
- श्रवण ध्रुव पिता छत्तर सिंह ध्रुव उम्र 38 साल निवासी हटकेशर वार्ड धमतरी, जिला धमतरी



