कवर्धा। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां लापता नवविवाहिता कामिनी निषाद (20 वर्ष) का शव घर के सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर डीएनए जांच कराई, जिसमें मृतका की पहचान कामिनी निषाद के रूप में पुष्टि हुई।
रायगढ़ में बालू से भरी ट्रैक्टर पलटी, 7 मजदूर दबे, दो की हालत गंभीर
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या का कारण अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर समाज में बदनामी का डर था। आरोपी जहल पटेल ने अपने बेटे भोजराम पटेल की प्रेमिका कामिनी को जबरन कीटनाशक पिलाया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सेप्टिक टैंक में फेंककर ऊपर से सीमेंट डालकर छिपा दिया गया ताकि कोई सबूत न मिले।
पुलिस के अनुसार, भोजराम पटेल हैदराबाद में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात कामिनी से हुई और दोनों में प्रेम संबंध हो गया। प्रेम विवाह करने के इरादे से दोनों गांव आए थे। घटना के दिन 7 नवंबर 2025 को भोजराम घर पर नहीं था। इसी मौके का फायदा उठाकर उसके पिता जहल पटेल ने कामिनी की हत्या कर दी।
भोजराम के घर लौटने पर कामिनी गायब मिली। उसने कुछ दिन खोजबीन की, लेकिन जब पता नहीं चला तो लोहारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और परिवार के सदस्यों से सख्ती से पूछताछ की। अंततः जहल पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने सेप्टिक टैंक खोदवाकर शव बरामद किया। आरोपी जहल पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।



