रायपुर। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने मिलकर एक युवक पर घर में घुसकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो धारदार हथियार और एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) बरामद की गई है।
यह भी पढ़े :- महिला DSP पर आरोप, PHQ में कोई शिकायत नहीं, SSP ने जांच की पुष्टि की
जानकारी के अनुसार, बैकुंठ गांव का निवासी कैलाश वर्मा वहां चिकन दुकान संचालित करता है। बुधवार दोपहर दुकान में लगे बिजली बोर्ड और बल्ब तोड़ने की बात को लेकर उसका विवाद टुकेश उईके उर्फ सिद्धु और सोहन उर्फ मोनू उईके से हो गया। इसके कुछ देर बाद दोनों आरोपी एक राय होकर कैलाश के घर पहुंच गए और अंदर घुसकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 554/2025 धारा 333, 109(1), 127(2), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देश पर तिल्दा नेवरा थाना और एसीसीयू (सायबर) की टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



