रायपुर : IIM नवा रायपुर में जारी 60वें अखिल भारतीय DGP–IGP कॉन्फ्रेंस का आज तीसरा और अंतिम दिन है। सुबह 9 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शीर्ष अधिकारियों से अनौपचारिक चर्चा की, जिसके बाद 10 बजे से औपचारिक बैठक शुरू हुई।
पहला सत्र: AI आधारित पुलिसिंग पर गहन चर्चा
शनिवार को रिपोर्ट न दे पाए राज्यों को पहले सत्र में प्रेजेंटेशन का मौका दिया गया। इसके बाद पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग, भविष्य की जरूरतों और संभावित चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
दूसरा सत्र: नई गाइडलाइन का अंतिम ड्राफ्ट तैयार
दूसरे सत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर राज्यों, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और पिछली सिफारिशों को मिलाकर अंतिम गाइडलाइन का ड्राफ्ट तैयार किया गया।
इसके साथ ही देश के जियो-पॉलिटिकल चैलेंजेस पर भी चर्चा हुई। आज ही कॉन्फ्रेंस के दौरान एक ‘मॉडल स्टेट’ चुना जाएगा, जिसकी सर्वश्रेष्ठ प्रैक्टिस को पूरे देश में लागू करने की तैयारी है।
दूसरे दिन 13 घंटे की मैराथन बैठक
शनिवार को कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 13 घंटे लंबी बैठक की।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सभी राज्यों के DGP, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में PM मोदी ने महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए देशभर में डायल 112 जैसी एकीकृत हेल्पलाइन प्लेटफॉर्म तैयार करने पर जोर दिया।
PM मोदी आज छात्रों से करेंगे मुलाकात
कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के बाद आज शाम 4 बजे, प्रधानमंत्री मोदी नए स्पीकर हाउस M-1 में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और सरकारी स्कूलों के 30 चयनित छात्रों से करियर और परीक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
इस मुलाकात के बाद पीएम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



