बेमेतरा। रबी फसल की बुआई शुरू होते ही खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। खाती सहकारी समिति में यूरिया-डीएपी खाद के वितरण में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सैकड़ों किसानों ने बेमेतरा-थानखम्हरिया मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
यह भी पढ़े :- राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूर्ति स्थापना का प्रयास: छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के छह सदस्य गिरफ्तार
किसानों का आरोप है कि समिति ने पहले उनकी ऋण पुस्तिकाएं जमा कराईं और खाद लेने के लिए बुलाया, लेकिन वहां पहुंचने पर स्टॉक खत्म बता दिया गया। किसानों ने दावा किया कि जिन्होंने कर्मचारियों को “लेन-देन” (रिश्वत) दिया, केवल उन्हीं को खाद दी गई, जबकि बाकी किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। गुस्साए किसानों ने समिति प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही बेमेतरा थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सभी को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद नहीं दी गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन ने जांच के आश्वासन के बाद स्थिति नियंत्रित की।



