बालोद। डौंडी ब्लॉक के धान उपार्जन केंद्रों में फैली अव्यवस्था और खुली लूट का आज बड़ा पर्दाफाश तब हुआ, जब डौंडी लोहारा विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया ने औचक निरीक्षण किया। गुजरा, बेलोदा, घोटिया, मंगलतराई और आमाडुला केंद्रों में उन्होंने जो देखा, उसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
निरीक्षण में सामने आया कि समिति प्रबंधक किसानों से प्रति बोरा 1 किलो अतिरिक्त धान तौलवा रहे थे, यानी खुली कटौती! सवाल पूछे जाने पर अधिकारी जिम्मेदारी ठेकेदारों पर डालते दिखे, जबकि तौलकों ने साफ कहा—“जैसा ऊपर से आदेश मिला है, वैसा ही तौल रहे हैं।”
अनियमितताएं यहीं तक सीमित नहीं थीं। ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन के लिए किसानों को भारी परेशानियां, डूबान क्षेत्र के किसानों की उपज नहीं खरीदे जाने की शिकायतें और कई किसानों की तीन जगह की खेती में से केवल दो जगह का धान ही पोर्टल में स्वीकार होना—इन सभी मुद्दों ने हालात की गंभीरता को उजागर किया।
केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था पर नाराज अनिला भेड़िया ने प्रबंधकों को फटकार लगाते हुए कहा कि किसानों का शोषण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर व्यवस्था सुधारने और अन्नदाताओं को राहत देने की मांग की।



