नई दिल्ली। गुजरात के अरवल्ली जिले के मोडासा शहर के पास रविवार तड़के हुए दर्दनाक हादसे में एम्बुलेंस में आग लगने से नवजात शिशु, एक डॉक्टर, नर्स और बच्चे के पिता सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े :- पुराने भवन में आख़िरी सत्र: छत्तीसगढ़ विधानसभा ने 25 साल की संसदीय यात्रा को दी श्रद्धांजलि
पुलिस निरीक्षक डी.बी. वाला ने बताया कि हादसा मोडासा–धनसुरा रोड पर रात करीब 1 बजे हुआ। जन्म के बाद बीमार नवजात को मोडासा के निजी अस्पताल से अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था कि तभी एम्बुलेंस अचानक आग की लपटों में घिर गई।
हादसे में नवजात, उसके पिता जिग्नेश मोची (38), डॉक्टर शांतिलाल रेंतिया (30) और नर्स भूरीबेन मनात (23) की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
एम्बुलेंस चालक सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी डी.बी. वाला ने बताया कि आग किस वजह से लगी, यह स्पष्ट नहीं है। फॉरेंसिक टीम की मदद से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



