रायपुर : दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक ओर गांव में कच्ची दीवार गिरने से दो मजदूर मलबे में दब गए, वहीं शहर में तेज रफ्तार कार ने एक युवक की जान ले ली। घटनाओं के बाद गांव और शहर दोनों जगह मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी शुरू, सूरजपुर से खाद्य मंत्री दयालदास बघेल करेंगे शुभारंभ
कच्ची दीवार ढही, दो मजदूरों की मौत
धमधा से 12 किमी दूर पेंड्रावन गांव में 14 नवंबर को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव के ही डॉक्टर गुरुदेव के मकान की नींव खोदने का काम चल रहा था। इसी दौरान पास की कमजोर कच्ची दीवार अचानक ढह गई।
दीवार गिरते ही मजदूर कमल नारायण ठाकुर और ईश्वरी गायकवाड़ (41) मलबे में दब गए। कमल की मौके पर मौत हो गई, जबकि ईश्वरी ने दुर्ग जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप—मकान मालिक डॉक्टर मौके पर नहीं आया
ईश्वरी गायकवाड़ के परिवार ने आरोप लगाया है कि जिस डॉक्टर के यहां निर्माण कार्य चल रहा था, वह न तो दुर्घटना स्थल पर आया और न ही परिजनों से संपर्क किया। परिवार ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के अनुसार धमधा पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलगांव रोड पर तेज रफ्तार कार ने युवक को कुचला
दुर्ग शहर में 13 नवंबर की रात पोटिया चौक–पुलगांव रोड के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने देवेश अग्रवाल (30) को कुचल दिया। देवेश की शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी 11 महीने की बेटी है।
देवेश स्कूटी से घूमने निकला था। रात 9 बजे तक घर से बात हुई, लेकिन उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। परिवार तलाश करता रहा। रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक को दुर्घटनाग्रस्त हालत में लाया गया है, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान हाथ पर लिखे नाम से हो पाई।
लाल कार की तलाश—सीसीटीवी खंगाले जा रहे
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना शुभम मार्ट और निरंकारी फर्नीचर के बीच हुई। स्कूटी शुभम मार्ट के पास मिली और शव लगभग 300 मीटर आगे। दावा है कि लाल रंग की तेज रफ्तार कार का चालक नशे में था और कई वाहनों से टकराते हुए फरार हो गया।
पुलगांव पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वाहन और चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच आगे बढ़ा दी है।



