रायपुर। बस्तर दौरे पर निकलने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और एनडीए सरकार की नीतियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार, जिसे कभी कुशासन और जंगलराज के उदाहरण के रूप में देखा जाता था, आज एनडीए शासन में सुशासन और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ निशक्तजन विकास निगम में नई नियुक्तियाँ: लोकेश काविड़या बने अध्यक्ष, सात नये सदस्य शामिल
सीएम साय ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए पश्चिम बंगाल का जिक्र किया और कहा कि वहां भी हालात जंगलराज जैसे हैं, जिनसे जनता छुटकारा चाहती है।
धान खरीदी पर कांग्रेस पर हमला
धान खरीदी को लेकर विपक्ष की आलोचना पर सीएम साय ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व मुद्दों से खाली हो चुका है और चुनावी हार की हताशा में अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि बघेल के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। सीएम साय ने बताया कि प्रदेशभर में आज से धान खरीदी अभियान की भव्य शुरुआत हो रही है।
जनजातीय गौरव दिवस पर बस्तर दौरा
अपने बस्तर प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्यभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा को नमन करते हुए कहा कि इसी पावन अवसर पर धान खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ भी किया जा रहा है।



