रायपुर। छत्तीसगढ़ पहली बार देश के सबसे बड़े पुलिस सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन आयोजित होगा। इसकी आधिकारिक पुष्टि गृह मंत्री विजय शर्मा ने की है। यह आयोजन राज्य के लिए न केवल प्रतिष्ठा का विषय है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के नए ब्लूप्रिंट का केंद्र भी बनने वाला है।
तीन दिनों तक सुरक्षा पर मंथन — पीएम और गृह मंत्री देंगे दिशा
उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान नक्सलवाद, आतंकवाद-विरोधी अभियान, सीमा प्रबंधन, ड्रग्स नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।
बस्तर मॉडल राष्ट्रीय मंच पर — फोकस नक्सल प्रभावित क्षेत्रों पर
हाल के महीनों में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त रणनीति से बस्तर में लगातार सफलताएँ मिली हैं।
– ग्राउंड इंटेलिजेंस
– आधुनिक हथियार
– संयुक्त ऑपरेशन
इन तीनों की बदौलत मिले नतीजों को अब राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की तैयारी होगी।
Nava Raipur बनेगा हाई-सिक्योरिटी जोन
सम्मेलन के दौरान नवा रायपुर का बंगला M-01 तीन दिनों के लिए मिनी PMO में बदला जाएगा। यह विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का आवास है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, NSA अजीत डोभाल, देशभर के 70 DGP-पैरामिलिट्री चीफ समेत कुल 500 शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। NSG कमांडो की तैनाती, सख्त सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए 400 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है।
PM का एक महीने में दूसरा दौरा
यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि एक महीने के भीतर प्रधानमंत्री मोदी का राज्य का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए थे।



