Bihar Election 2025 : पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों से पहले पटना जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर आदर्श आचार संहिता (MCC) को 16 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है, जिसके तहत किसी भी प्रकार के विजय जुलूस, राजनीतिक सभा, रैली, प्रदर्शन, धरना या डीजे-साउंड सिस्टम के उपयोग पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है।
जिला दंडाधिकारी (DM) ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है, जिसमें मतगणना के दिन या उसके बाद किसी भी तरह की भीड़भाड़ या उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पटना की 14 विधानसभा सीटों की मतगणना 14 नवंबर को एएन कॉलेज में होगी, जिसे देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का फैसला लिया है। DM ने साफ कहा, कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। उल्लंघन करने वाले व्यक्ति या पार्टी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सभी उपमंडलीय अधिकारियों (SDO) और पुलिस अधिकारियों (SDPO) को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम (फोन: 0612-2219810 / 2219234) को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी शिकायत पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।



