Sunny Deol : मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर उनके बेटे और सुपरस्टार सनी देओल इन दिनों काफी चिंतित हैं। हाल ही में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से धर्मेंद्र को डिस्चार्ज किया गया है, लेकिन उनका इलाज अब भी घर पर डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है। इस बीच धर्मेंद्र के घर के बाहर मीडिया और फैंस की भीड़ लगी हुई है, जिससे परेशान होकर सनी देओल का गुस्सा फूट पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सनी देओल अपने पिता के घर के बाहर खड़े पैपराजी पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे मीडिया को फटकारते हुए कहते हैं “आपके घर में मां-बाप नहीं हैं? शर्म नहीं आती?”
सनी के इस रिएक्शन ने सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोरी हैं। वीडियो में सनी काफी भावुक और गुस्से में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने कई बार मीडिया से शांत रहने और शोर न मचाने की अपील की थी, लेकिन जब बार-बार आग्रह के बाद भी फोटोग्राफर्स नहीं माने, तो उनका सब्र टूट गया।
परिवार की नजर धर्मेंद्र की सेहत पर
धर्मेंद्र अस्पताल से घर लौट चुके हैं, लेकिन उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। डॉक्टरों की एक टीम रोजाना उनके जुहू स्थित घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। उनके दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल, साथ ही पत्नी हेमा मालिनी, लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
मंगलवार को डॉक्टर प्रतीत समदानी की टीम ने धर्मेंद्र के घर जाकर उनका मेडिकल चेकअप किया। डॉक्टरों के अनुसार, धर्मेंद्र की हालत स्थिर है लेकिन उन्हें आराम और निगरानी की सख्त जरूरत है।
हेमा मालिनी ने कहा “सब ऊपरवाले के हाथ में है”
धर्मेंद्र की पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी उनके स्वास्थ्य पर बयान दिया। उन्होंने कहा “यह समय हमारे परिवार के लिए बहुत कठिन है। धर्मजी का स्वास्थ्य हमारे लिए चिंता का विषय है। उनके बच्चे रातभर सो नहीं पा रहे हैं। मैं कमजोर नहीं पड़ सकती क्योंकि मेरे ऊपर कई जिम्मेदारियां हैं। बस यही खुशी है कि अब वह घर लौट आए हैं और अपने अपनों के बीच हैं। बाकी सब ऊपरवाले के हाथ में है, आप सब हमारे लिए प्रार्थना करें।”
धर्मेंद्र की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन परिवार और डॉक्टर दोनों ही फिलहाल उन्हें पूरी तरह आराम देने की कोशिश में हैं। वहीं, सनी देओल के इस रिएक्शन ने यह साफ कर दिया है कि वे अपने पिता की निजता और सम्मान को लेकर किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।



