जगदलपुर। दिल्ली के लाल किले के निकट सोमवार शाम हुए बम धमाके ने देशभर में दहशत फैला दी है। इस घटना के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फौरन इस्तीफे की मांग की। बघेल ने आरोप लगाया कि गंभीर सुरक्षा घटना के वक्त गृह मंत्री बिहार में चुनाव प्रचार में मशगूल थे, जबकि उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी राजधानी और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़े :- ऑपरेशन साइबर शील्ड: रायपुर साइबर पुलिस ने मुंबई-पुणे से पकड़े दो अंतर्राज्यीय ठग, 34 लाख की ठगी की राशि बरामद
जगदलपुर में मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने हमले पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और निर्दोष लोगों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा घायलों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बघेल ने कहा कि घटना बेहद गंभीर है। शुरू में इसे गैस सिलेंडर विस्फोट बताया गया, लेकिन अब इसे विस्फोटक सामग्री से जोड़ा जा रहा है। घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं है—कुछ स्रोत 10, कुछ 11 और कुछ 13 बता रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर पुराने आतंकी हमलों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि पुलवामा में 300-400 किलो आरडीएक्स कहां से आया? पहलगाम में आतंकवादी कैसे घुस आए और एनएसजी तैनात करने की बजाय अमित शाह वहां कैसे पहुंच गए? ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि उनके दबाव पर भारत ने युद्ध रोका। बघेल ने आरोप लगाया कि सुरक्षा एजेंसियां असली काम छोड़कर विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और आलोचकों की जासूसी में व्यस्त हैं, जबकि आतंकवादियों को पकड़ना उनका मुख्य कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े हादसे के समय गृह मंत्री बिहार में प्रचार कर रहे थे, सीसीटीवी कैमरे बंद कर लोगों से मिल रहे थे, और इसी दौरान लाल किले जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में यह विस्फोट हुआ। इसके लिए अमित शाह को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। बघेल ने स्पष्ट कहा कि लगातार आतंकी घटनाओं, नॉर्थ ईस्ट में अत्याचार और सुरक्षा विफलताओं के चलते गृह मंत्री या तो चुनाव प्रचार छोड़कर मंत्रालय संभालें या पद से इस्तीफा दें।



