रायपुर। खारून नदी रेलवे पुल पर चलती ट्रेन में सेल्फी ले रही एक युवती की जान चली गई। बताया जा रहा है कि 20 से 22 वर्ष की युवती ट्रेन में सफर के दौरान खारून नदी पुल पार करते वक्त सेल्फी लेने लगी, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे ट्रैक पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : 25 साल बाद गाइडलाइन नियमों में बड़ा बदलाव-अब 18 मीटर से चौड़ी सड़कें होंगी ‘मुख्य मार्ग’
घटना देर रात की बताई जा रही है। पुलिस को अगले दिन सुबह ट्रैक किनारे रक्तरंजित शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई। अंततः पुलिस ने शव को लावारिस मानकर दफन करा दिया।
हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने न तो घटना की जानकारी मीडिया को दी और न ही मृतका की पहचान के प्रयास के लिए तस्वीर जारी की।
पहले भी हो चुकी है ऐसी लापरवाही
इससे पहले भी इसी तरह का मामला सामने आ चुका है। करीब पांच महीने पहले आमानाका थाना क्षेत्र में शंकर नगर निवासी इंजीनियर मृणाल (41 वर्ष) का शव नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। तब भी पुलिस ने शव की पहचान किए बिना उसे लावारिस बताकर दफन करा दिया था।
बाद में पता चला कि मृतक मृणाल की गुमशुदगी रिपोर्ट सिविल लाइंस थाने में पहले से दर्ज थी, परंतु दोनों थानों के बीच समन्वय की कमी के कारण मृतक की पहचान नहीं हो पाई। परिजनों को चार महीने बाद मृणाल की मौत की जानकारी मिली।



