रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की रफ्तार तेज़ हो गई है। 4 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के पहले पांच दिनों में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) राज्य के लगभग 30 लाख मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र वितरित किए हैं तथा आवश्यक दस्तावेज भी संकलित किए हैं।
यह भी पढ़े :- सूदखोरी गैंग पर करारा प्रहार, रूबी तोमर गिरफ्तार, कुख्यात को चड्डी बनियान में थाने के फर्श पर रखा
राज्य में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाताओं में से अब तक 29 लाख 29 हजार 125 मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए जा चुके हैं, जो कि कुल लक्ष्य का करीब 14 प्रतिशत है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सभी जिलों में डीईओ, ईआरओ और एईआरओ मतदान केंद्र स्तर पर एसआईआर के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बीएलओ सक्रिय रूप से मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं।
मुख्य सचिव विकास शील के घर भी बीएलओ पहुंचे और नवा रायपुर स्थित उनके आवास पर जाकर गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र प्रदान किए। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्य सचिव को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से एसआईआर में सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की।
वहीं, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 50 (रायपुर उत्तर) के देवेंद्र नगर में बीएलओ ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार को भी गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र दिए तथा आवश्यक विवरण संकलित किया।



