रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिला अस्पताल में नसबंदी (Sterilization) ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों की तबीयत सर्जरी के दौरान अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े :- Bihar Election : स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV बंद, आधी रात वैन की एंट्री-एग्जिट – RJD के आरोपों पर निर्वाचन आयोग का जवाब
मृत महिलाओं की पहचान 27 वर्षीय पूजा यादव (निवासी बजरंग नगर) और 30 वर्षीय किरण यादव (निवासी सिकोला भाटा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की मौत सर्जरी के दौरान दी गई दवाओं के रिएक्शन से हुई बताई जा रही है।
सर्जरी के दौरान बिगड़ी तबीयत
बजरंग नगर निवासी पूजा यादव ने करीब पाँच दिन पहले जिला अस्पताल में गर्भपात कराया था, जिसके बाद उसे खून भी चढ़ाया गया था। चार दिन बाद उसका नसबंदी ऑपरेशन तय हुआ। सर्जरी के दौरान उसे बुपीवाकेन इंजेक्शन (3 एमएल), मिडाज इंजेक्शन (1 एमजी) और रिंगर लैक्टेट (2 बोतल) दिया गया। कुछ देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई। डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई।
वहीं, सिकोला भाटा निवासी किरण यादव ने हाल ही में सिजेरियन ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद नसबंदी सर्जरी की गई, जिसमें उसे बुपीवाकेन (2.2 एमएल), ऑक्सीटोसीन (10 IU), रिंगर लैक्टेट (2 बोतल) और डीएनएस (1 बोतल) दिया गया। थोड़ी देर बाद उसे भी झटके आने लगे और बॉडी में अकड़न शुरू हो गई। आईसीयू में शिफ्ट करने के बावजूद उसकी भी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
लगातार दो महिलाओं की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुँचे और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर दवाओं के रिएक्शन या खुराक में त्रुटि की संभावना जताई जा रही है।
दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।



