Bihar Election : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election) के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर लगाए गए आरोपों को निर्वाचन आयोग (EC) ने भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। आयोग ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और दावे पूरी तरह गलत हैं।
रविवार को करें सूर्य चालीसा का पाठ, सफलता चूमेगी आपके कदम
दरअसल, आरजेडी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें दावा किया गया था कि वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में बारी-बारी से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के CCTV कैमरे बंद किए जा रहे हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया था कि आधी रात को एक पिकअप वैन स्ट्रॉन्ग रूम में दाखिल होकर कुछ देर बाद बाहर निकली।
निर्वाचन आयोग ने दी सफाई
निर्वाचन आयोग ने आरजेडी के इस पोस्ट का संज्ञान लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराई। जांच में पाया गया कि स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी के लिए CCTV फीड का डिस्प्ले दो स्थानों पर लगाया गया है — एक कंट्रोल रूम में और दूसरा स्ट्रॉन्ग रूम के पास राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के लिए बने क्षेत्र में।

कंट्रोल रूम में CCTV फीड लगातार चलता रहा। वहीं, प्रतिनिधियों वाले क्षेत्र में महनार विधानसभा का डिस्प्ले स्क्रीन ऑटो टाइमआउट के कारण कुछ देर के लिए बंद हुआ था, जिसे कुछ मिनटों में ही पुनः चालू कर दिया गया।
सुरक्षा कर्मियों का सामान लेकर गई थी गाड़ी
आयोग की जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि जिस वैन की आधी रात में एंट्री और एग्जिट दिखाई गई थी, वह स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात जवानों का सामान — बेडिंग, भोजन आदि — लेकर अंदर गई थी और लगभग 15 मिनट बाद वापस लौटी थी।
हाजीपुर का स्ट्रॉन्ग रूम कॉलेज परिसर में बनाया गया है, जहाँ तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। वाहन के प्रवेश और निकास का पूरा रिकॉर्ड कॉलेज के मुख्य गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों के रजिस्टर में दर्ज है। इन तथ्यों की पुष्टि लालगंज विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी के प्रतिनिधि कुंदन कुमार ने भी की है।
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि आरजेडी का सोशल मीडिया पोस्ट भ्रामक, तथ्यहीन और मतदाताओं को गुमराह करने वाला है।
पहले चरण में 65.08 प्रतिशत मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election) के पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 45,341 मतदान केंद्रों में मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इस चरण में 65.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो वर्ष 2020 के चुनाव (57.29%) की तुलना में 7.79 प्रतिशत अधिक है।
महिलाओं की भागीदारी भी इस बार उल्लेखनीय रही। 2024 के लोकसभा चुनाव (56.28%) की तुलना में भी इस बार मतदान में 8.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
1998 का रिकॉर्ड टूटा, अगला चरण 11 नवंबर को
बिहार में इस बार 1998 के विधानसभा चुनाव का रिकॉर्ड भी टूटा है, जिसमें 64.6 प्रतिशत मतदान हुआ था।
विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।



