रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस की विशेष कार्रवाई “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत साइबर थाना रायपुर की टीम ने शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले चार अंतर्राज्यीय आरोपियों को छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक (IG) रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने साइबर अपराधों में संलिप्त मुख्य आरोपियों के विरुद्ध ठोस तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए थे।
केस 1: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 20 लाख की ठगी
प्रार्थी पृथ्वीराज सिंह ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनसे ₹20 लाख की ठगी की गई। मामला अपराध क्रमांक 176/25 धारा 318(4), 3(5) भा.न्या.सं. 66(D) IT एक्ट के तहत दर्ज किया गया। तकनीकी विश्लेषण से आरोपी प्रयल अस्थाना की पहचान हुई, जो घटना के बाद ग्वालियर (मध्यप्रदेश) में छिपा हुआ था। वहां दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ठगी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
केस 2: ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ₹7.40 लाख की ठगी
प्रार्थी युवराज पिस्दा की रिपोर्ट पर थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 149/24 धारा 420 भादवि दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी नेहरू लाल और मयंक कुमार पटेल ने मुंबई स्थित बैंक शाखा में खाता खुलवाकर अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की रकम का लेनदेन किया था। दोनों को गिरफ्तार किया गया।
केस 3: शेयर ट्रेडिंग में ₹71 लाख की ठगी
प्रार्थी डाकेस्वर सिंह ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्हें शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा का झांसा देकर ₹71 लाख की ठगी की गई। मामला अपराध क्रमांक 218/25 धारा 318(4) भा.न्या.सं. के तहत दर्ज हुआ। जांच में आरोपी जयराम वाजेंदला (विशाखापत्तनम, आंध्रप्रदेश) की संलिप्तता सामने आई, जिसे गिरफ्तार कर बैंक से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रयल अस्थाना, पिता प्रदीप अस्थाना (31 वर्ष), निवासी बिरला, ग्वालियर (मध्यप्रदेश)
- नेहरू लाल, पिता सुखदेव (23 वर्ष), निवासी वार्ड 09, सावित्रीपुर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर
- मयंक कुमार पटेल, पिता सच्चिदानंद पटेल (33 वर्ष), निवासी ग्राम सावित्रीपुर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर
- जयराम वाजेंदला, पिता वीरा राघव राव (52 वर्ष), निवासी साई होम्स, पेड़ाघंटियाडा, विशाखापत्तनम (आंध्रप्रदेश)
रायपुर रेंज पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत ऐसे अंतर्राज्यीय नेटवर्क की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नागरिकों को ऑनलाइन निवेश और जॉब ऑफर से पहले सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



