रायपुर। अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे “स्टेयरिंग छोड़ो, चक्का जाम आंदोलन” को छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ ने अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। महासंघ ने यह फैसला शनिवार को कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में हुई सार्थक चर्चा के बाद लिया।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर की अध्यक्षता में उनकी सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। तय हुआ कि 6 या 7 नवंबर को महासंघ का प्रतिनिधिमंडल शासन के उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेगा। तब तक के लिए आंदोलन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। महासंघ ने अपनी सभी 11 मांगें लिखित रूप में कलेक्टर को सौंप दीं।
ड्राइवर महासंघ की प्रमुख मांगों में शामिल हैं —
- प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करना
- ड्राइवर आयोग और ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन
- कमर्शियल लाइसेंस पर बीमा की सुविधा
- दुर्घटना में मृत्यु पर ₹10 लाख और अपंगता पर ₹5 लाख मुआवजा
- चालक हेल्थ कार्ड और 55 वर्ष की आयु पर पेंशन योजना
- ड्राइवरों के बच्चों को शिक्षा और रोजगार में आरक्षण
- हर जिले में ड्राइवर स्मारक निर्माण
- ड्राइवरों के साथ मारपीट या लूट पर 5 वर्ष तक की कठोर सजा का प्रावधान
महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी वार्ता में उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को फिर से तेज़ किया जाएगा।



