लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का 1 नवंबर को रजत जयंती उत्सव राजधानी रायपुर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्योत्सव में गरियाबंद जिले से हजारों की संख्या में आमजन और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होने जा रहे हैं।
राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने शनिवार को गरियाबंद सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर समारोह में शामिल होने की अपील की।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि “छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भाजपा की ही देन है। तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य का गठन किया था, और इसे संवारने-संवर्धन का कार्य भी भाजपा ने किया है।”
इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू और भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर भी मौजूद रहे।
सांसद चौधरी और विधायक साहू ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है, जब छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इस खुशी के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का आगमन पूरे प्रदेशवासियों के लिए उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है, जिससे लोगों में विश्वास और संतोष का माहौल है।
विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत कई कार्यक्रम
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत महिला एवं युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा –
- 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर सद्भावना दौड़ और
- 7 नवंबर को सांसद खेल महोत्सव के तहत विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों की सफलता की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, पूर्व अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



