रायपुर । छत्तीसगढ़ का पर्वतीय और हरियाली से आच्छादित जिला जशपुर आगामी 6 से 9 नवम्बर 2025 तक ‘जशपुर जम्बूरी 2025’ का आयोजन करेगा। यह चार दिवसीय उत्सव राज्य और देशभर से आने वाले पर्यटकों को प्रकृति, रोमांच और जनजातीय संस्कृति का अद्भुत अनुभव प्रदान करेगा।
सुशासन की नई पहल: समयबद्ध छात्रवृत्ति से शिक्षा की राह हुई आसान
प्रकृति की गोद में रोमांचक अनुभव
जशपुर अपने झरनों, पहाड़ियों और हरियाली भरे जंगलों के लिए प्रसिद्ध है। इस फेस्टिवल में हॉट एयर बलून और पैरामोटरिंग शो मुख्य आकर्षण होंगे। प्रतिभागी मधेश्वर पहाड़ियों के ऊपर से उड़ान भरकर जिले की भव्यता का आनंद लेंगे।

इसके अलावा, कयाकिंग, मोटर बोटिंग और एटीवी राइड्स जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स रोमांच प्रेमियों को अपनी सीमाओं को परखने का अवसर देंगे। फॉरेस्ट ट्रेकिंग ट्रेल्स प्रकृति प्रेमियों को घने जंगलों, फूलों और पक्षियों के बीच चलने का अनुभव कराएंगी।
रात की गतिविधियां और सांस्कृतिक आकर्षण
रात्रि में स्टार गेज़िंग सेशन्स और बोनफायर नाइट्स आयोजित होंगे। जनजातीय लोकनृत्य, संगीत और आग की लपटों के बीच सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद पर्यटकों को आत्मीयता का एहसास कराएगा।
स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे। पारंपरिक पकवान और आदिवासी हस्तशिल्प प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को उजागर करेंगे।
पर्यटन, रोजगार और डिजिटल पहचान
जशपुर प्रशासन और पर्यटन विभाग ने ठहरने, खानपान, सुरक्षा और स्वच्छता की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की है। फेस्टिवल में देशभर से एडवेंचर प्रेमी, फोटोग्राफर, ट्रैवल ब्लॉगर और इनफ्लुएंसर भाग लेंगे, जिससे जशपुर की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल माध्यमों से बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,
“जशपुर जम्बूरी 2025 न केवल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को प्रखर करेगा, बल्कि पर्यटन, उद्यमिता और सामुदायिक सहभागिता को नई ऊर्जा देगा। यह आयोजन राज्य के लिए गौरव और विकास दोनों का प्रतीक बनेगा।”
यह फेस्टिवल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी पैदा करेगा।



