बांसवाड़ा। आदिवासी बहुल बांसवाड़ा जिले में एक बार फिर सोने का भंडार मिलने की पुष्टि हुई है। घाटोल क्षेत्र के कांकरिया गांव में तीसरी स्वर्ण खान (Gold Mine) के ब्लॉक की आधिकारिक पुष्टि के बाद यह जिला देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।
सुशासन की नई पहल: समयबद्ध छात्रवृत्ति से शिक्षा की राह हुई आसान
भूवैज्ञानिकों को कांकरिया क्षेत्र में करीब तीन किलोमीटर के विशाल भू-भाग में स्वर्ण अयस्क के पुख्ता संकेत मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, माइनिंग लाइसेंस जारी होने के बाद यहां जल्द ही खनन कार्य शुरू होगा। इससे पहले बांसवाड़ा जिले के भूकिया और जगपुरिया इलाकों में भी सोने की खदानें चिन्हित की जा चुकी हैं।
पहले भी निकल चुका है सोना
राजस्थान सरकार ने लगभग एक वर्ष पहले भूकिया-जगपुरा खनन ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया पूरी की थी। रतलाम की एक फर्म को खनन का लाइसेंस मिला था, लेकिन निर्धारित धरोहर राशि जमा न करने पर सरकार ने टेंडर निरस्त कर दिया था। अब राज्य सरकार ने नए सिरे से इन ब्लॉकों के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इनकी अंतिम तिथि 14 अक्टूबर थी, जबकि टेंडर 3 नवंबर को खोले जाएंगे। सबसे अधिक राजस्व प्रस्ताव देने वाली कंपनी को स्वर्ण खनन का लाइसेंस जारी किया जाएगा।
देश के चुनिंदा स्वर्ण उत्पादक राज्यों में होगा राजस्थान का नाम
बांसवाड़ा जिले में स्वर्ण खनन शुरू होने के बाद राजस्थान उन चार राज्यों में शामिल हो जाएगा जहां स्वर्ण उत्पादन होता है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में बांसवाड़ा देश की कुल सोने की मांग का लगभग 25% तक आपूर्ति करने की क्षमता रखेगा।
940 हेक्टेयर में 222 टन सोना होने का अनुमान
भूवैज्ञानिकों के आकलन के अनुसार, कांकरिया क्षेत्र के 940.26 हेक्टेयर में लगभग 113.52 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क पाया गया है, जिसमें 222.39 टन शुद्ध सोना होने का अनुमान है। इसके अलावा, कांकरिया-गारा क्षेत्र में भी 205 हेक्टेयर में 1.24 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क संभावित है।
इन खदानों से सोने के साथ अन्य सह-खनिज (by-products) भी निकाले जाएंगे, जो औद्योगिक उपयोग में आएंगे।
रोजगार और निवेश की नई संभावनाएं
बांसवाड़ा जिले में स्वर्ण खनन शुरू (Gold Mine) होने से इलेक्ट्रॉनिक्स, पेट्रोकेमिकल्स, बैटरी और एयरबैग उद्योगों में बड़ा निवेश आने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को आर्थिक लाभ मिलेगा। (Gold Mine)




